नई दिल्ली। परिसीमन बिल को लेकर जल्दबाजी दिखा रही केंद्र सरकार के चाणक्य भले ही सार्वजनिक तौर पर खुद को विश्वास से भरा हुआ दिखा रहे हों लेकिन इन्ही चाणक्यो को एक बात का डर भी सता रहा है। यह डर महाराष्ट्र की राजनीति के छत्रप कहे जाने वाले शरद पवार को लेकर है। 

शरद पवार की राजनीति को समझना हर किसी के वश की बात नहीं है। शरद पवार ऊपर से जितने सरल नेता दिखते हैं अंदर से उतने ही माहिर भी हैं। देश की राजनीति में दशकों तक केंद्र रहे शरद पवार को यूं ही महाराष्ट्र का सबसे बड़ा चाणक्य नहीं कहा जाता। इसकी अपनी कई वजह हैं। 

शरद पवार जब शिवसेना के पीछे लगे तो सीधे तौर पर राजनीति में उतरने से इंकार करने वाले उद्धव ठाकरे को मुख्यमत्री की कुर्सी तक ले आये। इतना ही नहीं देश की सियासत में शरद पवार का नाम उन चंद लोगों में शुमार होता है जो सरकार बनवाने और गिराने में  माहिर माने जाते हैं। 

फिलहाल बात परिसीमन विधेयक और मोदी सरकार द्वारा जुटाए गए दो तिहाई के आंकड़े को लेकर की जाए तो इसमें शरद पवार का नाम भी सामने आया है। शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदपवार) ने भी अब खुले तौर पर परिसीमन बिल का समर्थन करने का एलान कर दिया है। 

सूत्रों की माने तो इस संदर्भ में शरद पवार ने खुद कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से फ़ोन पर बातचीत की और इस बातचीत में पवार ने सरकार का समर्थन करने के पीछे अपनी कुछ मजबूरियां सोनिया गांधी के समक्ष रखी थीं। 

सूत्रों ने कहा कि शरद पवार ने सोनिया गांधी को फोन पर कहा कि उनकी पार्टी के कुछ सांसद परिसीमन बिल पर सरकार का समर्थन करने के पक्षधर हैं। पवार ने आगे कहा कि यदि उनकी पार्टी सरकार का समर्थन नहीं करती तो उनकी पार्टी में टूट हो सकती है। 

पवार का पॉवर:

वहीं दूसरी तरफ सरकार के जुड़े चाणक्यो को अभी भी भरोसा नहीं हो रहा और बीजेपी के कुछ लोग पवार के फैसले पर आखिरी पल तक नज़र रखने की बात कह चुके हैं। 

सूत्रों ने कहा कि फ़िलहाल परिसीमन बिल के समर्थन का एलान करके शरद पवार ने अमित शाह के ऑपरेशन लोटस को ब्रेक लगा दिया है।  जिससे पवार अपने सांसदों की तोड़फोड़ बचाने में सफल अवश्य रहे हैं। 

इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस की तरफ से सोशल साइट एक्स पर किये गए पोस्ट में शरद पवार और उनकी पार्टी को राज्य सभा चुनाव की याद दिलाने की कोशिश की गई है। पोस्ट में महाराष्ट्र कांग्रेस की तरफ से कहा गया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदपवार) के पास ज़रूरी विधायकों की संख्या न होने के बावजूद कांग्रेस ने उन्हें राज्य सभा भेजने में मदद की। 

वहीं शनिवार को दिल्ली में हुई इंडिया गठबंधन की बैठक में भी शरद पवार की पार्टी से किसी सांसद या प्रतिनिधि का शामिल न होने से यह तो साफ़ हो गया कि फ़िलहाल शरद पवार परिसीमन बिल पर सरकार का समर्थन करने के अपने फैसले पर कायम हैं। लेकिन कहा जाता है कि शरद पवार दूसरा रास्ता चुनने का विकल्प हमेशा अपने साथ रखते हैं। 

ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या शरद पवार अपने फैसले पर डंटे रहेंगे या उनके पास कोई नया विकल्प है, जिससे उनकी पार्टी के सांसद भी बीजेपी के कुचक्र से बच जाएँ और उन पर परिसीमन के मुद्दे पर मोदी सरकार का समर्थन करने का आरोप भी न लगे। फ़िलहाल आज का दिन महत्वपूर्ण हैं और आज पूरे दिन राजनीतिक घटनाक्रमों पर नज़र बनाये रखनी होगी।