नई दिल्ली। परिसीमन बिल को पास कराने के लिए जहां सरकार की तरफ से विपक्ष में सेंधमारी की कोशिश जारी है। वहीं अब विपक्ष के तेवर भी आक्रामक नज़र आ रहे हैं। डीएमके को बिल के समर्थन में अपने साथ लाने के बाद सरकार की तरफ से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) से भी समर्थन का भरोसा मिल गया है। हालांकि विपक्ष भी अपनी तैयारियों में जुटा है। 

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परिसीमन बिल को लेकर मोदी सरकार और बीजेपी को कटघरे में खड़ा किया है। इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए खरगे ने कहा किआज हमारे INDIA गठबंधन दलों के सभी नेताओं ने मिलकर तय किया है कि मोदी सरकार द्वारा जो परिसीमन संविधान संशोधन बिल लाया जा रहा है, लोकतंत्र के लिए ये बहुत बड़ा खतरा है। 

इतना ही नहीं खरगे ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को खत्म करके पूरी सत्ता अपने हाथ में लेने के लिए उन्होंने आज 800 पार की बात की है। पिछले चुनाव में उनका 400 पार का नारा था लेकिन अब सीटें बढ़ाकर वे लोग हमेशा के लिए सत्ता अपने हाथ में लेना चाहते हैं। 

उन्होंने कहा कि परिसीमन बिल में SC-ST को, अनुसूचित जाति और जनजातियों के हितों को नहीं रखा गया है। उसके साथ अन्याय किया गया है। संविधान ये कहता है कि SC-ST की सीटें बढ़नी चाहिए लेकिन उसमें इसका कोई प्रावधान नहीं है।  

खरगे ने कहा कि ताजा जनगणना आने वाली है। इसके बारे में कुछ नहीं बताया गया। अगर ताजा जनगणना के तहत इसे(परिसीमन) किया जाए तो प्राकृतिक तौर पर SC-ST वर्ग को उनकी बढ़ी हुई संख्या के अनुसार बढ़ी हुई सीटें मिलेंगी लेकिन वे(भाजपा)चाहते हैं कि SC-ST वर्ग को उनका अधिकार न मिले। 

खरगे ने परिसीमन बिल की खामियां गिनाते हुए कहा कि चुनाव आयोग, जिसने 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को मतदाता सूची से हटाया है, उसे ही परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। ये हमें स्वीकार नहीं है। ज्ञानेश कुमार अपराध के कटघरे में हैं। उन्हीं के नेतृत्व में यदि ये हुआ तो और भी गड़बड़ी हो जाएगी। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार और बीजेपी को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सत्ता को पूरी तरह से अपने हाथ में लेने के लिए ये लोग मजबूती से काम कर रहे हैं। पिछली बार जब बिल लाया गया था तो वे लोग विफल हो गए। अब उन्होंने TMC को तोड़ा, NCP को तोड़ा, शिवसेना को तोड़ा। सभी पार्टियों को तोड़कर उन्हें जब ऐसा महसूस हुआ कि उनके पास संख्याबल है तो वे सत्र बुला रहे हैं। 

शरद पवार को याद दिलाई ये बात:

इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को शरद पवार के राज्य सभा चुनाव की याद दिलाई है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपने पोस्ट में  महाराष्ट्र कांग्रेस ने पवार और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को याद दिलाते हुए कहा कि उन्होंने पहले इस दिग्गज नेता के फिर से चुनाव को आसान बनाने के लिए राज्यसभा की एक सीट पर अपना दावा छोड़ दिया था। 

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने महाराष्ट्र में मार्च 2026 के राज्यसभा चुनावों से पहले हुई राजनीतिक बातचीत का जिक्र करते हुए लिखा कि कि पवार की पार्टी के पास सिर्फ 10 विधायक थे, जबकि एक सीट जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी. उस वक्त कांग्रेस के पास 16 विधायक थे और शिवसेना (UBT) के पास 20 विधायक थे। 

कांग्रेस के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने अपने पिता की उम्मीदवारी के लिए पार्टी के शीर्ष नेताओं से समर्थन मांगा था। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की सहमति के बाद कांग्रेस ने उस सीट से अपना दावा छोड़ दिया, जिससे महा विकास अघाड़ी ने एकमत होकर पवार के नामांकन को समर्थन दिया। हालांकि, अब राज्य कांग्रेस इकाई इस बात पर सवाल उठा रही है कि साल की शुरुआत में विपक्ष की मदद लेने वाली पवार की पार्टी फिलहाल भाजपा समर्थित विधायी प्रस्ताव के पक्ष में क्यों खड़ी है।

फ़िलहाल ये कहा जा सकता है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष परिसीमन बिल के मुद्दे पर जोर आजमाइश के लिए तैयार हैं और दोनों तरफ से लगातार बयानों का आना जारी है। सरकार को ये बिल पास कराने के लिए 360 सांसदों का आंकड़ा चाहिए और संभवतः उसने ये आंकड़ा जूटा लिया है। फिर भी राजनीति में आखिरी समय तक संभवनाओं के बनने और बिगड़ने से इंकार नहीं किया जा सकता।