नई दिल्ली। उत्तर भारत में सर्दी का असर तेज होने के साथ कई राज्यों में सुबह के समय कोहरा और धुंध बढ़ने लगी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को जारी अपने बुलेटिन में दिल्ली-NCR के साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में 1 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है, जबकि दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहने के आसार हैं।
तापमान के पूर्वानुमान के अनुसार, 29 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, साथ ही सुबह के वक्त हल्की से मध्यम धुंध या कोहरा दिख सकता है।
IMD के मुताबिक, 30 नवंबर को अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इसके बाद 1 दिसंबर को ठंड और बढ़ सकती है, जब अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है।
सुबह के घने कोहरे को लेकर कई राज्यों में सतर्कता बरतने को कहा गया है। IMD के आकलन के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों के साथ पूर्वोत्तर के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 30 नवंबर तक कोहरे की स्थिति बन सकती है। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 2 दिसंबर तक तथा हिमाचल प्रदेश में 3 दिसंबर तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
दक्षिण में बारिश की संभावना:
दूसरी ओर, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी में 29 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के लिए राहत की बात यह है कि अगले सात दिनों तक देश के किसी भी हिस्से में गंभीर शीतलहर या कोल्ड डे की स्थिति बनने के संकेत नहीं हैं। उधर महाराष्ट्र में अगले दो दिन न्यूनतम तापमान स्थिर रहने के बाद अगले तीन दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।




