एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी पर अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, “सिलेंडर पर सरकार की ख़ामोशी क्यों?”

Akhilesh Yadav E87473552

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने सरकार की ख़ामोशी पर सवाल उठाये हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जब देश में कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर की इतनी किल्लत है, तो सरकार इस मुद्दे पर चुप क्यों है? उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि “सिलेंडर पर सरकार के मुंह क्यों सिले हैं?”

अखिलेश यादव ने सरकार को चेतावनी दी और कहा कि “अगर यही हालात रहे और यह संकट (युद्ध के कारण) दो हफ्ते और चला, तो लोगों को खाना बनाने के लिए फिर से पुरानी व्यवस्था यानी कंडे और लकड़ी पर लौटना पड़ेगा।”

उन्होंने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर की कमी से केवल होटल ही नहीं, बल्कि घर से दूर रहकर पढ़ाई करने वाले छात्र, कामगार और स्टार्टअप (क्लाउड किचन) भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। “जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई” – यह नारा भी उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम के दौरान दोहराया।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ और बरेली सहित कई शहरो में, पिछले दो-तीन दिनों से गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिसे लेकर सपा अब संसद में भी चर्चा की मांग कर रही है।

उन्होंने हाल ही में घरेलू सिलेंडर के दामों में हुई ₹60 की बढ़ोतरी और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में करीब ₹115 के इजाफे का जिक्र करते हुए कहा कि एक बार जब बीजेपी सरकार में कीमतें बढ़ती हैं, तो वे कभी नीचे नहीं आतीं।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार को वैश्विक परिस्थितियों का पता था, लेकिन उसने बैकअप या वैकल्पिक आपूर्ति के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए।


Discover more from In Breaking

Subscribe to get the latest posts sent to your email.